त्यूनी-हनोल मोटर मार्ग पर बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार आल्टो कार गहरी खाई में गिर गई। कार में दो बच्चों समेत पांच लोग सवार थे। मौके पर पहुंचे पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाल कर एंबुलेंस से पीएचसी त्यूनी में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार एक कार से कुछ लोग बुधवार सुबह नेरवा हिमाचल प्रदेश से हनोल महासू देवता के दर्शन के लिए जा रहे थे। कार में दो बच्चों समेत पांच लोग सवार थे। दोपहर करीब 2:30 बजे त्यूणी-हनोल मार्ग पर मेंद्रथ के पास कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को खाई से बाहर निकाला और पीएचसी त्यूनी पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। शेष घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष संदीप पंवार ने बताया कि मृतका की पहचान संतोष ठाकुर पत्नी देवेंद्र ठाकुर निवासी थातोच टिकर हाल निवासी नेरवा शिमला हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। घायलों की पहचान आशा देवी (42) पत्नी कुलदीप सिंह निवासी ईन्नोरा तहसील राजगढ़ जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश, सरवन सिंह (64) पुत्र श्याम सिंह निवासी टिकरी तहसील नेरवा जिला शिमला हिमाचल प्रदेश, मिसरू पुत्र मोजी निवासी प्यूनल त्यूनी, शिवांग (5) और शबह ठाकुर (6) दोनों पुत्र देवेंद्र ठाकुर निवासी थरोच टिकर हाल निवासी नेरुवा हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। घायलों और मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। रेस्क्यू टीम में कॉस्टेबल लोकेंद्र, संदीप, जयेंद्र, होमगार्ड संसार सिंह, अग्निशमन कर्मी गिरीश चंद्र शामिल रहे।